भोपाल, 03 अक्टूबर।
मध्य प्रदेश में नागरिकों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने के लिए ‘सेवा सेतु अभियान–सरकार आपके द्वार’ के तहत मेगा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शनिवार को ग्रामीण क्षेत्रों में विकासखंड स्तर पर तथा रविवार, 4 अक्टूबर को नगरीय क्षेत्रों में वार्ड और जोन स्तर पर शिविर लगेंगे। इनका उद्देश्य किसानों, ग्रामीणों, श्रमिकों, महिलाओं, वंचितों और कमजोर वर्गों को विभिन्न सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है। शिविरों में केंद्र और राज्य की हितग्राही योजनाओं के साथ राजस्व सेवाओं से जुड़े आवेदन, स्वीकृति और निराकरण की सुविधा एक ही स्थान पर दी जाएगी। सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक होने वाले इन शिविरों में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, नगरीय प्रशासन, खाद्य, कृषि, मत्स्य, श्रम, ऊर्जा, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय और स्कूल शिक्षा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहेंगे। अभियान को जन-विश्वास अभियान से भी जोड़ा गया है।
शिविरों में किसान फार्मर आईडी, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, आय व स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र, खसरा-नक्शा सहित कई राजस्व सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, आयुष्मान भारत, पीएम स्वनिधि, उज्ज्वला योजना, राशन कार्ड पोर्टेबिलिटी, ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री किसान सम्मान योजना, फसल बीमा और किसान क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाओं से संबंधित आवेदन और सेवाएं भी मिलेंगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा, पीएमईजीपी, जल जीवन मिशन, जन-धन, बीमा योजनाएं, अटल पेंशन, ई-श्रम, मनरेगा जॉब कार्ड, प्रधानमंत्री सूर्य घर, लाड़ली बहना, लाड़ली लक्ष्मी, मातृ वंदना, पोषण अभियान, कन्या विवाह-निकाह, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, गांव की बेटी, मुख्यमंत्री स्कूटी और छात्रवृत्ति योजनाओं से जुड़ी सेवाएं भी उपलब्ध होंगी। प्रत्येक शिविर में स्वास्थ्य शिविर और योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। जनजातीय जिलों में सिकल सेल उन्मूलन, एकलव्य विद्यालय प्रवेश, छात्रवृत्ति, वन अधिकार और वन धन विकास केंद्र से जुड़ी सेवाओं पर विशेष ध्यान रहेगा। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ का हिस्सा है।














