भोपाल, 03 अक्टूबर।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भेल दशहरा मैदान में शनिवार को होने वाले कार्यक्रम को देखते हुए भोपाल में यातायात व्यवस्था बदली गई है। सुबह 9 बजे से कार्यक्रम खत्म होने तक भेल क्षेत्र के आसपास कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहेगा और भारी, मालवाहक, व्यावसायिक तथा अनुमति प्राप्त वाहनों का कार्यक्रम स्थल के आसपास आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। गोविंदपुरा टर्निंग, अन्ना नगर तिराहा, करियर कॉलेज, सद्भावना चौराहा, भेल गेट नंबर-6, महात्मा गांधी चौराहा और सिक्योरिटी लाइन चौराहा प्रभावित क्षेत्रों में शामिल हैं। आम वाहन महात्मा गांधी चौराहे से करियर कॉलेज की ओर बरखेड़ी, गुलाब उद्यान तिराहा और कस्तूरबा अस्पताल होते हुए आईएसबीटी-चेतक ब्रिज जा सकेंगे। चेतक ब्रिज और गोविंदपुरा टर्निंग से महात्मा गांधी चौराहे की ओर आने वाले वाहन सांची डेयरी कट, कस्तूरबा अस्पताल, गुलाब उद्यान रोड और बरखेड़ा मार्केट होकर निकल सकेंगे। अवधपुरी से एमपी नगर जाने वाले वाहन सेंट जेवियर स्कूल के पीछे से बरखेड़ा मार्केट और एम्स अस्पताल की ओर जा सकेंगे। आईटीआई तिराहे से करियर कॉलेज, चेतक ब्रिज और आईएसबीटी जाने वाले वाहनों को सिक्योरिटी लाइन चौराहा और सांवटिका पेट्रोल पंप तिराहे से भेजा जाएगा।
यात्री बसों के लिए भी अलग मार्ग तय किए गए हैं। होशंगाबाद, जबलपुर, छिंदवाड़ा और बैतूल की बसें 11 मील व हबीबगंज नाका होते हुए आईएसबीटी पहुंचेंगी, लेकिन वहां से नादरा बस स्टैंड की ओर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। सागर, छतरपुर और दमोह की बसें पटेल नगर बायपास से 11 मील व हबीबगंज नाका होकर आईएसबीटी जाएंगी। इंदौर और उज्जैन की बसों का उपयोग हलालपुर बस स्टैंड तक रहेगा और आगे लालघाटी की ओर प्रवेश नहीं होगा। कार्यक्रम में आने वाली बसों के लिए भेल गेट नंबर-6 पर यात्रियों को उतारने के बाद जंबूरी मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। भोपाल शहर से आने वाली बसों के लिए हेम स्कूल पर उतरने और सीआईएसएफ मैदान तथा अन्य निर्धारित स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। एयरपोर्ट, राजगढ़-ब्यावरा और सीहोर-इंदौर जाने वाले वाहनों के लिए मातामंदिर, मैनिट, नेहरू नगर, भदभदा, नीलबड़, रातीबड़, झागरिया, अयोध्या बायपास, भानपुर, करोंद और गांधीनगर जैसे वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसे आकस्मिक वाहनों को प्रतिबंध से छूट रहेगी। यातायात संबंधी सहायता के लिए 0755-2677340 और 2443850 पर संपर्क किया जा सकता है।














