इंदौर, 3 अक्टूबर।
मध्य प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप ने कहा कि नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने वाले उद्यमियों और विकासकों को प्रदेश सरकार 800 रुपये प्रति वर्ग फुट की दर से अनुदान देगी। उन्होंने यह घोषणा इंदौर में लघु उद्योग भारती के उद्यम समागम के समापन सत्र में की।
काश्यप ने बताया कि नए लघु उद्योग स्थापित करने के लिए 50 प्रतिशत तक सब्सिडी का प्रावधान है। उनके अनुसार मध्य प्रदेश में सब्सिडी वितरण की प्रक्रिया ऑनलाइन है और दो माह में राशि उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने लघु उद्योग भारती के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि छोटे उद्योगों के विस्तार के लिए जागरूकता जरूरी है।
लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधुसूदन दादू ने बताया कि संगठन के 27 राज्यों में 70 हजार सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि छोटे उद्योगों के हित में नीतियां बनाने और उनके क्रियान्वयन में संगठन योगदान दे रहा है। महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में भी संगठन की 65 महिला इकाइयां काम कर रही हैं।
कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों और उद्यमियों ने भाग लिया। इस अवसर पर उद्यम समागम की स्मारिका का विमोचन भी किया गया।














