भागलपुर, 7 अक्टूबर।
नवगछिया पुलिस और बिहार विशेष कार्यबल ने अवैध हथियार बनाने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भवानीपुर थाना क्षेत्र के बांधा बहियार दियारा में चल रही मिनी गन फैक्ट्री का पता लगाया। छापेमारी में हथियार बना रहे चार लोगों को गिरफ्तार किया गया, वहीं मुख्य आरोपित अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने बताया कि 5 अक्टूबर को मिली सूचना के बाद पुलिस और विशेष कार्यबल की संयुक्त टीम बनाई गई। जानकारी थी कि वीरबन्ना निवासी मृत्यंजय यादव अपने साढ़ू मुकेश यादव के साथ बाहर से कारीगर बुलाकर सुनसान इलाके में हथियार तैयार करवा रहा है। टीम ने दियारा क्षेत्र की घेराबंदी कर कार्रवाई की।
तलाशी में दो देसी पिस्टल, छह कारतूस, पांच मैगजीन और बड़ी मात्रा में अर्धनिर्मित हथियार बरामद किए गए। हथियार बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले कटर, रेती सहित अन्य उपकरण भी मिले।
गिरफ्तार आरोपितों में मुंगेर निवासी मोहम्मद तौसिक उर्फ साधो, मोहम्मद अरमान उर्फ मेहरूद्दीन और मुकेश यादव तथा भागलपुर निवासी मनीष कुमार यादव शामिल हैं। मुख्य आरोपित मृत्यंजय यादव फरार है और उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने कहा कि अवैध हथियार नेटवर्क को खत्म करने के लिए दियारा क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी रहेगा।














