भागलपुर, 7 अक्टूबर।
इंडिया गठबंधन के आह्वान पर बुधवार को बिहपुर में महागठबंधन कार्यकर्ताओं ने प्रजातंत्र की रक्षा और कथित तानाशाही के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रखंड मुख्यालय के बाहर प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के पुतले जलाए।
प्रदर्शन से पहले स्वराज आश्रम में महागठबंधन के नेता और कार्यकर्ता जुटे। इसके बाद आक्रोश मार्च निकाला गया, जो बिहपुर शहीद गेट से स्टेशन गोलंबर चौक होते हुए प्रखंड मुख्यालय पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की।
मार्च का नेतृत्व राजद नेता गौतम कुमार प्रीतम ने किया। उन्होंने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने और बिहार तथा बंगाल में दोबारा विधानसभा चुनाव कराने की मांग की।
पुतला दहन कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष इबरार आलम ने की। मंच संचालन कॉमरेड निरंजन चौधरी ने किया। सभा में नेताओं ने भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया।
प्रदर्शन में कांग्रेस किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विजय कुमार, वीआईपी नेत्री अर्पना कुमारी, राजद जिला अध्यक्ष अलख निरंजन पासवान समेत कई नेता शामिल हुए। कार्यक्रम में महागठबंधन के सैकड़ों कार्यकर्ताओं और लोकतंत्र समर्थकों ने भाग लिया।














