नई दिल्ली, 7 अक्टूबर।
उत्तर पूर्वी दिल्ली के न्यू सीमापुरी स्थित ई-ब्लॉक में बुधवार को चार मंजिला इमारत ढह गई। हादसे में तीन साल के बच्चे समेत सात लोगों को मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। घटना ई-401 नंबर के मकान में हुई। करीब 25 वर्ग गज में बनी इमारत गिरने से आसपास की दो इमारतों को भी आंशिक नुकसान हुआ।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। बचाव अभियान के दौरान मलबे से अब तक सात लोगों को सुरक्षित निकाला गया। इनमें करीब तीन साल का बच्चा भी शामिल है। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजे जाने की जानकारी है।
पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियों की टीमें मौके पर बचाव अभियान चला रही हैं। मलबे में किसी अन्य व्यक्ति के दबे होने की आशंका को देखते हुए पूरे प्रभावित हिस्से की जांच की जा रही है।
फिलहाल इमारत गिरने की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटा रही है और राहत एवं बचाव कार्य जारी है।














