कोलकाता, 7 अक्टूबर।
तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी के कैमैक स्ट्रीट स्थित कार्यालय से होर्डिंग हटाने के विवाद में शेक्सपियर सरणी पुलिस बुधवार शाम उनके कालीघाट स्थित आवास पहुंची। पुलिस टीम पूछताछ के लिए नोटिस देने गई थी, लेकिन अभिषेक के दिल्ली में होने के कारण घर पर नोटिस स्वीकार नहीं किया गया।
पुलिस अधिकारियों को कर्मचारियों ने बताया कि अभिषेक शहर में नहीं हैं और नोटिस लेने के लिए कोई उपयुक्त व्यक्ति मौजूद नहीं है। इसके बाद टीम नोटिस लेकर लौट गई। पुलिस कैमैक स्ट्रीट मामले में डायमंड हार्बर सांसद से दोबारा पूछताछ करना चाहती है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस उन्हें 9 अक्टूबर को पूछताछ के लिए बुलाने की तैयारी में थी। नोटिस की तामील नहीं होने के बाद पूछताछ की अगली तारीख को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
27 अगस्त को कैमैक स्ट्रीट स्थित अभिषेक के कार्यालय की छत से होर्डिंग हटाने के दौरान हंगामा हुआ था। पुलिस और नगर निगम अधिकारियों के साथ समर्थकों की धक्का-मुक्की हुई थी। प्रशासन ने होर्डिंग को अवैध और सुरक्षा के लिए खतरा बताया था। मामले में तीन प्राथमिकी दर्ज हैं और एक मामले में अभिषेक से पहले पूछताछ हो चुकी है।
अभिषेक फिलहाल दिल्ली में हैं। वहां वे ममता बनर्जी और गठबंधन के सहयोगी दलों के नेताओं के साथ बैठकों में शामिल हो रहे हैं। शुक्रवार को नंदीग्राम और रेजीनगर उपचुनाव की मतगणना भी होनी है।














