पश्चिम बंगाल
13 May, 2026

शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर से ली विधायक पद की शपथ, विधानसभा में बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम

कोलकाता में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर सीट से विधायक पद की शपथ लेकर विधानसभा में औपचारिक प्रवेश किया, जहां मंत्रियों और विधायकों के शपथ ग्रहण के साथ पूरा राजनीतिक परिदृश्य सक्रिय रहा।

कोलकाता, 13 मई।

पश्चिम बंगाल की राजनीति में बुधवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी विधानसभा पहुंचे और भवानीपुर सीट से विधायक पद की शपथ ग्रहण की। विधानसभा परिसर में पहुंचने से पहले उन्होंने सीढ़ियों पर माथा टेककर प्रणाम किया, जिसके बाद उनका औपचारिक स्वागत किया गया और गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।

विधानसभा में मुख्यमंत्री का स्वागत प्रोटेम स्पीकर और मानिकतला से भारतीय जनता पार्टी के विधायक तापस राय ने किया। इसके बाद उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और निर्धारित कक्ष में जाकर पूजा-अर्चना की। बाद में इस पूजा का वीडियो उन्होंने सोशल मीडिया मंच पर साझा किया, जिसमें वह घंटी बजाते हुए पूजा करते नजर आए।

इसके पश्चात विधानसभा कक्ष में प्रोटेम स्पीकर तापस राय ने उन्हें सबसे पहले विधायक पद की शपथ दिलाई। भवानीपुर सीट से शपथ ग्रहण के साथ ही यह स्पष्ट संकेत भी मिला कि वह नंदीग्राम सीट से अलग हो रहे हैं। उन्होंने अपने शपथ ग्रहण का वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया।

मुख्यमंत्री के बाद राज्य मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों ने भी शपथ ली, जिनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पाल और निशीथ प्रमाणिक शामिल रहे। इसके बाद अन्य विधायकों का शपथ ग्रहण क्रम शुरू हुआ।

सूत्रों के अनुसार पहले चरण में दोपहर साढ़े तीन बजे तक लगभग 80 विधायकों ने शपथ ली, जिनमें उत्तर बंगाल और मुर्शिदाबाद क्षेत्र के विधायक प्रमुख रूप से शामिल रहे। आम जनता उन्नयन पार्टी के नेता हुमायूं कबीर ने भी नाओदा सीट से शपथ ली, जिसके बाद उनके रेजिनगर सीट छोड़ने की संभावना जताई जा रही है।

दूसरे चरण की शपथ प्रक्रिया दोपहर दो बजे शुरू होकर शाम चार बजे तक चली, जिसमें नदिया, उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना के विधायकों ने शपथ ग्रहण की।

विधानसभा में नवनिर्वाचित विधायकों का शपथ ग्रहण गुरुवार को भी जारी रहेगा, जिसमें सभी विधायकों को प्रोटेम स्पीकर शपथ दिलाएंगे। परंपरा के अनुसार वरिष्ठ सदस्य को प्रोटेम स्पीकर बनाया जाता है, जो स्थायी अध्यक्ष के चुनाव तक सदन की कार्यवाही का संचालन करता है।

इससे पहले राज्यपाल आरएन रवि ने लोक भवन में तापस राय को प्रोटेम स्पीकर पद की शपथ दिलाई थी। 15 मई को विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव प्रस्तावित है, जिसमें तापस राय के नाम पर भी विचार किए जाने की चर्चा है।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी इससे पहले मंगलवार को असम में मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए थे और वहां से लौटकर सीधे लोक भवन पहुंचे, जहां कई मंत्री और नवनिर्वाचित विधायक मौजूद थे।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़