मुंबई, 25 अप्रैल।
मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) ने टी20 मुंबई लीग 2026 से पहले सभी टीमों द्वारा चुने गए रिटेन खिलाड़ियों की आधिकारिक सूची जारी कर दी है। इस सूची में भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर और शिवम दुबे जैसे प्रमुख क्रिकेटर शामिल हैं। आगामी चौथे सीजन से पहले लीग की सभी आठ फ्रेंचाइजियों ने अपने तीन-तीन खिलाड़ियों को बरकरार रखा है।
इस बार घोषित आइकन खिलाड़ियों में सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर और शिवम दुबे के साथ यशस्वी जायसवाल, तुषार देशपांडे, अजिंक्य रहाणे, सरफराज खान और शार्दुल ठाकुर के नाम प्रमुख रूप से शामिल हैं। अंडर-19 विश्व कप विजेता कप्तान आयुष म्हात्रे को भी टीमों ने अपने साथ बनाए रखा है।
एमसीए अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने कहा कि यह कदम फ्रेंचाइजियों की मजबूत रणनीति और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि देश के शीर्ष खिलाड़ियों का लीग में बने रहना इसकी प्रतिस्पर्धात्मकता और गुणवत्ता को और मजबूत करता है, साथ ही युवा खिलाड़ियों को अनुभवी क्रिकेटरों के साथ सीखने का अवसर मिलता है।
रिटेंशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सभी टीमों का ध्यान आगामी खिलाड़ी नीलामी पर केंद्रित है, जहां वे अपनी टीमों को और मजबूत करने का प्रयास करेंगी।
पिछले सीजन में मुंबई साउथ सेंट्रल मराठा रॉयल्स ने फाइनल में सोबो मुंबई फाल्कंस को हराकर खिताब अपने नाम किया था।











