हैदराबाद, 16 मई।
तेलंगाना के कोतागुडेम में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हाल के दिनों में आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटे 10 माओवादी सदस्यों को राज्य सरकार की ओर से कुल 55.60 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।
कार्यक्रम में कोतागुडेम के पुलिस अधीक्षक बी. रोहित राजू ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण करने वाले विभिन्न कैडरों के माओवादियों को यह राशि चेक के माध्यम से सौंपी। यह सहायता राशि उनके संगठन में रहे पद और जिम्मेदारियों के आधार पर पहले से निर्धारित नीति के अनुसार दी गई है।
इस अवसर पर जिन माओवादी सदस्यों को सहायता राशि मिली, उनमें स्टेट कमेटी, डिवीजनल कमेटी और स्क्वॉड स्तर के सदस्य शामिल हैं। इनमें चार महिला माओवादी भी सम्मिलित हैं, जिन्हें पुनर्वास योजना के तहत यह लाभ प्रदान किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने आत्मसमर्पण करने वाले सदस्यों से बातचीत कर उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और उन्हें भविष्य के लिए मार्गदर्शन दिया। उन्होंने सलाह दी कि प्राप्त राशि का उपयोग विलासिता के बजाय स्थायी आजीविका और बेहतर भविष्य के निर्माण में किया जाए।
अधिकारियों ने बताया कि ये सभी माओवादी ‘ऑपरेशन चेयुता’ से प्रेरित होकर मुख्यधारा में लौटे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया कि पुनर्वास प्रक्रिया में उन्हें हर स्तर पर सहायता दी जाएगी और सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाएगा।










