भोपाल, 11 मई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार के पुत्र केसरी नंदन और पुत्रवधू प्रेरणा के वैवाहिक बंधन में बंधने पर उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके सुखमय, शांतिपूर्ण एवं समृद्ध जीवन की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सागर स्थित एक निजी होटल में आयोजित विवाह समारोह में पहुंचकर नवदंपति को आशीर्वाद प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री और उनके परिजनों से भेंट कर इस पारिवारिक खुशी को साझा किया। उन्होंने वहां उपस्थित लोगों और जनप्रतिनिधियों से भी आत्मीय संवाद किया और सभी को शुभकामनाएं दीं।
इस वैवाहिक समारोह में प्रदेश के कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और मंत्री भी शामिल हुए। इनमें खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री राकेश शुक्ला, विधायक एवं पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव, विधायक शैलेंद्र जैन, प्रदीप लारिया तथा जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और परिजन मौजूद रहे।
समारोह में पारिवारिक माहौल के बीच सभी अतिथियों ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद और शुभकामनाएं प्रदान कीं।



.jpg)

.jpg)




