ग्वालियर, 02 मई।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 4 मई को ग्वालियर में विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए शहर में रहेंगे। वे इस दौरान शिवपुरी लिंक रोड स्थित बेलागांव ग्राम में मध्यभारत शिक्षा समिति की महत्त्वाकांक्षी परियोजना “ऋषि गालव विश्वविद्यालय” का भूमिपूजन करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री मेला मैदान में आयोजित विशाल “पशुपालक सम्मेलन” में भाग लेंगे और जिले के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण भी करेंगे।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शनिवार को बेलागांव पहुंचे। वहां उन्होंने कलेक्टर रुचिका चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के साथ विश्वविद्यालय के भूमिपूजन कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम स्थलों पर समुचित तैयारी के निर्देश दिए। उन्होंने गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए पेयजल व्यवस्था, ओआरएस, प्राथमिक चिकित्सा, और अन्य जरूरी सुविधाओं का प्रबंध सुनिश्चित करने की बात कही। कार्यक्रम स्थल पर जीवंत प्रदर्शनी लगाने का भी सुझाव दिया, जिससे किसान भाइयों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मिल सके। साथ ही, पार्किंग व्यवस्था को भी कार्यक्रम स्थल के पास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसानों और पशुपालकों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने में कोई कठिनाई न हो।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, एडीएम सीबी प्रसाद और मध्यभारत शिक्षा समिति के पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।











