रायपुर, 30 मार्च।
राज्यपाल रमेन डेका ने जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर की जयंती पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
अपने संदेश में राज्यपाल ने कहा कि भगवान महावीर ने मानवता के कल्याण के लिए सत्य, अहिंसा, अस्तेय, अपरिग्रह और ब्रह्मचर्य जैसे उच्च जीवन मूल्यों का मार्गदर्शन दिया। उन्होंने समाज को अंधविश्वास, आडम्बर और कुरीतियों से दूर रहकर नैतिकता, करुणा और संयम अपनाने की प्रेरणा दी।
राज्यपाल ने यह भी बताया कि भगवान महावीर के विचार आज भी समाज को शांति, सद्भाव और सहअस्तित्व की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। उनके अहिंसा के सिद्धांत से विश्व में शांति और भाईचारे की स्थापना संभव है।
उन्होंने कहा कि भगवान महावीर का जीवन हमें आत्मसंयम, अनुशासन और सरल जीवन जीने की प्रेरणा देता है। राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे महावीर के आदर्शों को अपनाकर आपसी सद्भाव, सहिष्णुता और मानवीय मूल्यों को मजबूत करें।












