प्रयागराज, 18 अप्रैल।
प्रयागराज में चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतवाली थाना पुलिस और एसओजी नगर की संयुक्त टीम ने एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में गिरोह के सरगना सहित तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है तथा उनके कब्जे से भारी मात्रा में नकदी और आभूषण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से कुल मिलाकर लगभग तेरह लाख रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद हुई है, जिसमें दो लाख उन्यासी हजार रुपये नकद तथा लगभग ग्यारह लाख रुपये के जेवरात शामिल हैं। यह गिरोह लंबे समय से चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
पुलिस उपायुक्त नगर के अनुसार गिरोह का सरगना बब्लू उर्फ नसीर शाहगंज थाना क्षेत्र के एक मीनार मस्जिद के पास का निवासी है, जबकि अन्य आरोपी मिर्जापुर और करेली क्षेत्र से संबंधित हैं। मुख्य आरोपी बब्लू के खिलाफ पहले से बारह आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह पूर्व में भी जेल जा चुका है।
इस मामले में कोतवाली थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच में आईसीसीसी टीम की सहायता ली गई और विभिन्न स्थानों से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों से सफेद धातु की चार सिल्ली, तीन जोड़ी पायल, लगभग उनतीस ग्राम से अधिक पीली धातु के आभूषण, एक चैन, कान के टॉप्स, तथा दो लाख उन्यासी हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। इसके अलावा चोरी के पैसों से खरीदी गई एक मोटरसाइकिल, एक अन्य मोटरसाइकिल और दो ई-रिक्शा भी बरामद किए गए हैं।
जांच में सामने आया कि 3 से 4 अप्रैल के बीच एक बंद मकान में हुई चोरी की घटना के आधार पर यह कार्रवाई शुरू की गई थी, जिसके बाद पुलिस ने टीम गठित कर जांच आगे बढ़ाई और गिरोह तक पहुंच बनाई। पूछताछ में कई महत्वपूर्ण खुलासे हुए हैं।









.jpg)