प्रशासनिक खबरें
24 Apr, 2026

भोपाल में ‘टॉप-30’ अभियान शुरू, 1000 बदमाशों पर पुलिस की सख्त निगरानी

राजधानी भोपाल में पुलिस ने टॉप-30 अभियान के तहत हजारों अपराधियों की पहचान कर उन पर निगरानी बढ़ाते हुए संगठित अपराध पर भी नजर तेज की है।

भोपाल, 24 अप्रैल

राजधानी में अपराध पर नियंत्रण के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने सख्त रणनीति लागू करते हुए शहर के 35 थानों में आदतन अपराधियों की सूची तैयार की है। इस अभियान के तहत लगभग 1000 बदमाशों को चिन्हित कर उन्हें अति सक्रिय, सक्रिय और सामान्य श्रेणियों में वर्गीकृत कर निगरानी शुरू कर दी गई है।

पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के निर्देशन में तैयार इस सूची में अपराधियों की रैंकिंग उनके आपराधिक रिकॉर्ड, गिरोह से जुड़ाव, सोशल मीडिया गतिविधियों, नशे में अपराध करने की प्रवृत्ति और आयु के आधार पर तय की गई है। इसका उद्देश्य शहर में सक्रिय अपराधियों पर सख्त नजर रखते हुए अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।

थाना स्तर पर बनाई गई इस सूची में निशातपुरा, अशोका गार्डन और ऐशबाग क्षेत्रों में सर्वाधिक करीब 50-50 बदमाश चिन्हित किए गए हैं। इन पर 10 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और ये लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त बताए जा रहे हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई बड़ा अपराधी सूची से छूटता है, तो संबंधित थाना प्रभारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

अति सक्रिय श्रेणी में उन अपराधियों को रखा गया है जो गिरोह बनाकर वारदात करते हैं, हथियारों के साथ घूमते हैं और लूट या रंगदारी जैसे मामलों में शामिल रहते हैं तथा सोशल मीडिया के जरिए भय का माहौल बनाते हैं। सक्रिय श्रेणी में लगातार मारपीट, लूटपाट या दबाव बनाने वाले अपराधियों को शामिल किया गया है, जबकि सामान्य श्रेणी में अपेक्षाकृत कम सक्रिय और उम्रदराज बदमाशों को रखा गया है।

पुलिस की यह कार्रवाई अपराधियों पर दबाव बनाने की दिशा में अहम मानी जा रही है। साथ ही शहर में सक्रिय संगठित अपराध तंत्र पर भी नजर रखने की आवश्यकता सामने आई है। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि कुछ मामलों में प्रभावशाली लोगों और पुराने अपराधियों की मिलीभगत से जमीन कब्जाने, संपत्ति खाली करवाने और दबाव बनाने जैसी गतिविधियां संचालित होती हैं, जिनमें किराए के बदमाशों और कथित सुपारी तंत्र का उपयोग किया जाता है। हालांकि इन तथ्यों की पुष्टि जांच के बाद ही संभव है। अपराध पर प्रभावी अंकुश के लिए न केवल सामने सक्रिय अपराधियों बल्कि उनके पीछे काम कर रहे नेटवर्क की पहचान कर कार्रवाई करना भी आवश्यक माना जा रहा है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

27° / 40°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़