लखनऊ, 05 मई।
लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र में महिलाओं से लूटपाट करने वाले किन्नर गिरोह के तीन शातिर अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जिनके कब्जे से लूटे गए जेवर और एक कार बरामद हुई है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) अमित कुमार आनन्द ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि एक महिला रोजाना की तरह सुबह टहलने निकली थी, तभी कार सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर उसके गले से मंगलसूत्र और कान की बाली छीन ली और फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने गंभीरता से कार्रवाई करते हुए कई टीमें गठित कीं और लगभग 100 से 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच के दौरान मंगलवार को अलीनगर खुर्द अंडरपास के पास से तीन आरोपितों को दबोच लिया गया, जिनसे लूटा गया सामान भी बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कृष्णानगर के बरगवां निवासी अजय रावत उर्फ रानी किन्नर, कानपुर नगर के लाल बंगला निवासी आकाश गुप्ता उर्फ कमौलिका उर्फ कम्मो और लखनऊ के सहादतगंज निवासी रफीक अहमद के रूप में हुई है। इनके एक साथी उन्नाव निवासी अन्नू की तलाश जारी है।
पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे 4 मई को वेगनआर कार से लूट की योजना बनाकर निकले थे। सुबह लगभग छह बजे बिजनौर कस्बे में उन्होंने सड़क किनारे दो महिलाओं को जेवर पहने देखा और उनके पास पहुंचकर पहले बातचीत में उलझाया, फिर डरा-धमकाकर उनके गले से मंगलसूत्र और कान की बालियां छीन लीं और फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह किन्नर होने का फायदा उठाकर अलग-अलग क्षेत्रों में ओला बुकिंग के जरिए घूमता था और महिलाओं से पैसे मांगता था। पैसे न देने पर वे अभद्र व्यवहार करते, कपड़े उतारकर डराते-धमकाते और जेवर छीन लेते थे। विरोध करने पर मारपीट भी की जाती थी।
पुलिस ने सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और फरार साथी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।



.jpg)


.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
