भोपाल, 19 मई ।
भोपाल में नवविवाहिता ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार नए मोड़ ले रहा है, जिसमें पुलिस जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर कई अहम तथ्य सामने आए हैं।
मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाते हुए फरार पति समर्थ सिंह के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दिया है। आशंका जताई जा रही है कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए विदेश भाग सकता है। इसके साथ ही पुलिस ने उसका पासपोर्ट निरस्त कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है और कई टीमों को उसकी तलाश में लगाया गया है।
इसी बीच बेल्ट की लिगेचर रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें यह संकेत मिला है कि ट्विशा की मौत उसी बेल्ट से फांसी लगाने के कारण दम घुटने से हुई। रिपोर्ट में आत्महत्या के संकेत बताए गए हैं, हालांकि जांच में कई तकनीकी सवाल भी उठ रहे हैं।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि पोस्टमार्टम के दौरान संबंधित बेल्ट उपलब्ध नहीं कराई गई, जिससे फोरेंसिक जांच प्रभावित हुई। बाद में बेल्ट जांच के लिए सौंपी गई, लेकिन परिवार का कहना है कि इससे वैज्ञानिक मिलान पूरी तरह नहीं हो सका।
एम्स भोपाल की शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतका के शरीर पर कई चोटों के निशान मिलने का उल्लेख किया गया है, जिसके आधार पर परिजन इसे हत्या का मामला बता रहे हैं और दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग कर रहे हैं।
परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने शुरुआत में मामले को आत्महत्या बताने की दिशा में जांच की और एफआईआर दर्ज करने में भी देरी की गई। वहीं ससुराल पक्ष ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे आत्महत्या का मामला बताया है और मानसिक तनाव की बात कही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल गठित किया है और सभी डिजिटल, फोरेंसिक और बयान संबंधी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।






.jpg)







