रांची, 28 मार्च।
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन शनिवार को भारतीय वायु सेना के विशेष विमान से रांची पहुंचे। उनका विमान बिरसा मुंडा हवाई अड्डा पर उतरा, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
यह उपराष्ट्रपति के पदभार संभालने के बाद झारखंड का पहला दौरा है। हवाई अड्डे पर मौजूद अधिकारियों और नेताओं ने उन्हें गर्मजोशी से अभिवादन किया।
रांची पहुंचने के बाद सी. पी. राधाकृष्णन हेलीकॉप्टर से खूंटी जिले के उलिहातू गांव के लिए रवाना हुए। यह गांव महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा का जन्मस्थान है। उपराष्ट्रपति ने वहां बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों से मुलाकात की।
इसके बाद उपराष्ट्रपति रांची लौटकर भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), रांची के 15वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में शामिल हुए। समारोह में सात मेधावी छात्रों को पदक और उपाधियां प्रदान की गई, जबकि कुल 558 छात्रों को डिग्रियां दी गईं।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित कई प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहीं।











