उरई, 26 मार्च 2026।
चैत्र नवरात्र की दुर्गा अष्टमी के अवसर पर प्रदेश में महिलाओं और बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को मजबूत बनाने के लिए मिशन शक्ति फेज-05 के तहत गुरुवार को पुलिस लाइन उरई से टाउन हॉल तक "रन फॉर एंपावरमेंट" दौड़ का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, एमएलसी प्रतिनिधि मयंक त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर किया। सभी अधिकारियों ने स्वयं दौड़ में भाग लेकर महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।
सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन ने युवाओं से अपील की कि वे महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं। कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, युवा और नागरिक उत्साहपूर्वक शामिल हुए। "रन फॉर एंपावरमेंट" के माध्यम से जनपद में महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और सम्मान का संदेश व्यापक स्तर पर फैलाया गया और समाज को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने का प्रभावी प्रयास किया गया।











