वाराणसी, 01 अप्रैल।
उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर के भेलूपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात रेवड़ी तालाब स्थित मदरसा जामिया हमीदिया रिजविया में लिफ्ट टूटने से एक युवक की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही रेवड़ी तालाब चौकी प्रभारी अपने कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल बीएचयू ट्रामा सेंटर भिजवाया। मृतक युवक की पहचान मदनपुरा निवासी आसिफ आदिल (22) के रूप में हुई, जबकि घायल युवक मदनपुरा का हसनैन रजा (20) बताया गया।
दोनों युवक मदरसा में मंगलवार देर शाम निकाह के कार्यक्रम में शरीक होने आए थे। चार मंजिला मदरसा के कम्युनिटी हाल में जाने के लिए वे लिफ्ट पर सवार हुए, तभी लिफ्ट अचानक तीन मंजिल नीचे गिर गई। इस हादसे में आसिफ आदिल की मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि लिफ्ट का वायर टूटने से यह दुर्घटना हुई।
भेलूपुर एसीपी गौरव कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना की वजह जानने के लिए जांच में जुटी हुई है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि रेवड़ी तालाब चौकी प्रभारी ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए घायल युवक को अस्पताल भिजवाया।
घायल हसनैन रजा का इलाज बीएचयू ट्रामा सेंटर में जारी है, जबकि मृत युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस हादसे से मदरसा परिसर में अफरा-तफरी मच गई थी और इलाके में लोगों में दहशत फैल गई थी।












