मुंबई, 15 मई।
महाराष्ट्र के वर्धा जिले के पुलगांव स्थित केंद्रीय आयुध डिपो में शुक्रवार सुबह नियमित फायरिंग अभ्यास के दौरान एक गंभीर हादसा हो गया, जिसमें डिफेंस सिक्योरिटी कोर के एक जूनियर कमीशंड अधिकारी की जान चली गई। मृतक की पहचान सूबेदार मेजर ओम बहादुर खंड के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार, सीएडी परिसर में स्थित फायरिंग रेंज में रोजाना की तरह अभ्यास सत्र चल रहा था। इसी दौरान अचानक हुई गोलीबारी की घटना में सूबेदार मेजर ओम बहादुर खंड घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि 15 मई को पुलगांव स्थित सेंट्रल एम्युनिशन डिपो में नियमित अभ्यास के दौरान यह दुर्घटना हुई, जिसमें डीएससी के सूबेदार मेजर की फायरिंग रेंज में मौत हो गई। घटना को लेकर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
विज्ञप्ति में यह भी उल्लेख किया गया है कि मृतक अधिकारी के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई है। यह हादसा अभ्यास के दौरान हुआ और इसके कारणों की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि वर्धा जिले का पुलगांव स्थित यह केंद्रीय आयुध डिपो देश के सबसे बड़े गोला-बारूद भंडार स्थलों में से एक माना जाता है, जहां सुरक्षा बलों द्वारा नियमित रूप से फायरिंग अभ्यास किया जाता है।





.jpg)




