यमुनानगर, 17 मार्च।
यमुनानगर जिले के व्यासपुर क्षेत्र में कैफे, फास्ट फूड सेंटर और छोटे रेस्टोरेंटों में बिना अनुमति शराब परोसे जाने की शिकायतों से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है।
निवासियों का कहना है कि कुछ स्थानों पर कैफे या होम स्टे के नाम पर देर रात तक शराब परोसने जैसी गतिविधियां चल रही हैं, जिससे क्षेत्र का सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। छछरौली मार्ग, जगाधरी मार्ग, साढौरा मार्ग और आसपास के इलाकों में हाल के समय में कैफे और छोटे खानपान प्रतिष्ठानों की संख्या तेजी से बढ़ी है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इनमें से कई जगहों पर नियमों की अनदेखी करते हुए अवैध रूप से शराब परोसी जा रही है। लोगों का कहना है कि दिन के समय यहां बड़ी संख्या में युवा और विद्यार्थी भी आते हैं, जिससे उनके अध्ययन और व्यवहार पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। अभिभावकों का मानना है कि लंबे समय तक छात्रों का ऐसे स्थानों पर बैठना उनकी पढ़ाई और गलत संगत के जोखिम को बढ़ाता है।
नागरिकों ने बताया कि क्षेत्र में कुछ शराब के ठेके देर रात तक खुले रहते हैं, जिससे आसपास रहने वाले परिवारों को परेशानी होती है। देर रात तक लोगों की भीड़ और शोर-शराबे से स्थानीय निवासियों में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि कैफे, रेस्टोरेंट और होम स्टे के नाम पर संचालित प्रतिष्ठानों की नियमित जांच करवाई जाए और बिना लाइसेंस शराब परोसने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि अवैध शराब से सरकार का आबकारी राजस्व भी प्रभावित होता है। थाना प्रभारी व्यासपुर विनोद सैनी ने कहा कि पुलिस क्षेत्र में नियमित गश्त और जांच करती रहती है और किसी भी शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई की जाती है।












