सिलीगुड़ी, 04 मई।
सिलीगुड़ी कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र पर सोमवार सुबह वोटों की गिनती शुरू होते ही माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया और स्थिति तेजी से बिगड़ने लगी। पोस्टल बैलेट से जुड़े ट्रंकों को लेकर उठे विवाद ने पूरे केंद्र पर अव्यवस्था का माहौल पैदा कर दिया।
आरोप सामने आया कि छह ट्रंकों में से पांच पहले से खुले हुए पाए गए, जिस पर सत्तारूढ़ दल की ओर से कड़ी आपत्ति दर्ज कराई गई। इस घटना के बाद सिलीगुड़ी, माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी और फांसीदेवा विधानसभा सीटों की मतगणना प्रक्रिया तत्काल प्रभाव से प्रभावित हो गई।
स्थिति बिगड़ने के बाद तृणमूल कांग्रेस के एजेंटों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। इसी दौरान मतगणना केंद्र के भीतर एजेंटों और अधिकारियों के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली।
हालात को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त केंद्रीय बल और पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके और व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
मामले की जांच जिला चुनाव अधिकारी द्वारा की जा रही है, वहीं अब तक इस पूरे विवाद पर आधिकारिक स्तर से कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है, जिससे तीनों सीटों की मतगणना पर अनिश्चितता बनी हुई है।




.jpg)




.jpg)
