जांजगीर, 14 अप्रैल।
चावल की खरीद-बिक्री के नाम पर एक लाख 70 हजार रुपये की ठगी के मामले का कोतवाली पुलिस ने खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपित को गिरफ्तार किया है, जिसे साइबर टीम की सहायता से बिहार के अररिया जिले से पकड़ा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और बैंक खाते से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए हैं।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान ओम प्रकाश शर्मा, पिता दीप लाल शर्मा, निवासी बिहार के रूप में हुई है। आरोपित ने मोबाइल के माध्यम से सौदा तय कर फोन-पे के जरिए रकम प्राप्त करने के बाद अपना मोबाइल बंद कर फरार होकर ठगी को अंजाम दिया था।
प्रकरण के अनुसार प्रार्थी बांके बिहारी अग्रवाल, जो सुलोचना फूड के प्रोपराइटर हैं, ने 12 मार्च 2026 को कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि चावल ब्रोकर अंजनी अग्रवाल के माध्यम से आरोपित से संपर्क हुआ था और 900 क्विंटल चावल 2980 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से बेचने का सौदा तय किया गया था। इसके बाद आरोपित ने ट्रक किराया और अन्य खर्च के नाम पर अलग-अलग किश्तों में फोन-पे और बैंक खाते के माध्यम से कुल 1,70,000 रुपये ले लिए।
रकम प्राप्त करने के बाद आरोपित ने प्रार्थी को माल का बिल तो भेज दिया, लेकिन चावल की खेप नहीं भेजी और अपना मोबाइल बंद कर लिया, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि उसने पूर्व नियोजित तरीके से धोखाधड़ी की है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में साइबर तकनीक का उपयोग कर आरोपित की लोकेशन ट्रेस की गई, जिसमें उसका ठिकाना बिहार के अररिया जिले में मिला। इसके बाद कोतवाली क्षेत्र के अधिकारियों के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम को वहां रवाना किया गया।
पुलिस टीम ने अररिया जिले के मालद्वार क्षेत्र में दबिश देकर आरोपित को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में वह पुलिस को भ्रमित करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने ठगी की घटना स्वीकार कर ली और बताया कि उसने चावल व्यापार के नाम पर मोबाइल से संपर्क कर रकम हासिल की थी।
पुलिस ने आरोपित के पास से घटना में उपयोग किया गया मोबाइल फोन और बैंक से जुड़े दस्तावेज जब्त कर लिए हैं तथा उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस टीम के अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









.jpg)
.jpg)


