जिले के कुंडेरा थाना क्षेत्र के उलियाना गांव में 18 वर्षीय युवक मनकुश मीणा के अपहरण के बाद उसकी हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही कुछ युवकों ने उसे शुक्रवार शाम घर से जबरन वाहन में बैठाकर ले जाया और बाद में उसकी हत्या कर शव को गांव से करीब 10 किलोमीटर दूर सेलू चौराहे के आगे खाट का नाला क्षेत्र में एक पेड़ के पास फेंक दिया।
शनिवार सुबह लगभग 5:30 बजे युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। परिजनों के अनुसार घटना के समय परिवार के सदस्य एक शादी समारोह में गए हुए थे, जबकि मनकुश घर पर अपनी बहन के साथ मौजूद था। इसी दौरान कुछ युवक बिना नंबर की थार गाड़ी से वहां पहुंचे और मोबाइल को लेकर हुए विवाद के बाद उसे जबरन अपने साथ ले गए।
परिजनों ने बताया कि जब वे रात में घर लौटे तो उन्हें घटना की जानकारी मिली। युवक का मोबाइल फोन बंद मिलने पर तुरंत कुंडेरा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। सुबह शव मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसकी पहचान मनकुश मीणा के रूप में की गई।
परिजनों का आरोप है कि मृतक के शरीर पर कई चोटों के निशान थे और उसके कपड़े भी गायब थे, जिससे हत्या से पहले उसके साथ मारपीट की आशंका जताई जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में मोबाइल विवाद के साथ-साथ ऑनलाइन फ्रॉड से जुड़े विवाद की संभावना भी सामने आई है। मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है, हालांकि सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।
मृतक अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी चार बहनों में तीन की शादी हो चुकी है, जबकि एक बहन अभी अविवाहित है। इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और परिवार में गहरा शोक व्याप्त है।












.jpg)