मध्य प्रदेश
21 Apr, 2026

ओंकारेश्वर में 700 युवा बने शंकरदूत, एकात्म पर्व का भव्य समापन

ओंकारेश्वर में आयोजित एकात्म पर्व के समापन पर देश-विदेश के 700 से अधिक युवाओं को शंकरदूत के रूप में दीक्षित कर अद्वैत वेदांत के प्रसार को नई दिशा दी गई।

इंदौर, 21 अप्रैल

खंडवा जिले की पवित्र नगरी ओंकारेश्वर में आयोजित पांच दिवसीय शंकर प्रकटोत्सव ‘एकात्म पर्व’ का समापन मंगलवार को आदि शंकराचार्य की जयंती वैशाख शुक्ल पंचमी के अवसर पर भव्य रूप से हुआ। समापन से पूर्व मां नर्मदा के तट पर आयोजित विशेष दीक्षा समारोह में देश-विदेश से आए 700 से अधिक युवाओं को ‘शंकरदूत’ के रूप में दीक्षित किया गया, जहां संतों की उपस्थिति में यह आयोजन संपन्न हुआ।

एकात्म धाम, मांधाता पर्वत पर आयोजित इस पर्व में विभिन्न संत-महात्माओं और विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर अद्वैत वेदांत के प्रचार-प्रसार में योगदान देने वाले प्रमुख विद्वानों का सम्मान किया गया। चिन्मय मिशन के पूर्व प्रमुख स्वामी तेजोमयानंद सरस्वती को उनकी अद्वैत साधना और वेदांत प्रसार के लिए सम्मानित किया गया, वहीं प्रख्यात विद्वान प्रोफेसर गौतम भाई पटेल को संस्कृत वांग्मय और अद्वैत दर्शन में विशेष योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया।

पर्व के दौरान वैदिक अनुष्ठानों का आयोजन भी प्रमुख आकर्षण रहा। हैदराबाद से आए वेदमूर्ति कुप्पा रामगोपाल वाजपेय्या एवं उनकी धर्मपत्नी को श्रुति परंपरा के संरक्षण में उनके समर्पण के लिए विशेष सम्मान दिया गया। साथ ही माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

समापन से पहले आयोजित दीक्षा समारोह में संतों के सान्निध्य में बड़ी संख्या में युवाओं ने ‘शंकरदूत’ के रूप में दीक्षा ग्रहण की। यह पहल वेदांत दर्शन और आध्यात्मिक विरासत को व्यापक स्तर पर प्रसारित करने के उद्देश्य से की जा रही है। विभिन्न आयु वर्ग के लिए आयोजित अद्वैत जागरण शिविरों के माध्यम से देश-विदेश के युवाओं को आध्यात्मिक अध्ययन और अनुभव से जोड़ा जा रहा है।

इन शिविरों में अब तक अनेक देशों और भारत के विभिन्न राज्यों के प्रतिभागी शामिल हो चुके हैं। वर्ष 2020 से प्रारंभ इस पहल के अंतर्गत अब तक 45 नियमित और तीन उन्नत शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें लगभग 1800 से अधिक लोग सहभागी बने हैं। इस बार के दीक्षा समारोह में भी बड़ी संख्या में शिविरार्थियों को शंकरदूत के रूप में दीक्षा प्रदान की गई।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

23° / 40°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़