मध्य प्रदेश
18 Apr, 2026

उज्जैन को विकास की सौगात, सीएम देंगे सड़क और विश्राम गृह का तोहफा

मुख्यमंत्री उज्जैन में विकास कार्यों के लोकार्पण के साथ सामूहिक विवाह और पौधारोपण अभियान को नई दिशा देंगे।

उज्जैन, 18 अप्रैल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को उज्जैन प्रवास के दौरान शहर को कई विकास कार्यों की सौगात देंगे। वे विक्रम नगर-देवास रोड कनेक्टिविटी मार्ग के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य तथा हेलीपैड पर निर्मित विश्राम गृह का लोकार्पण संकुल भवन से करेंगे। इसके साथ ही एक ही पंडाल में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 112 जोड़ों को आशीर्वाद भी प्रदान करेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और नगर निगम ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

नगर निगम के अनुसार विशेष योजना के तहत बनाए गए इस मार्ग की लागत करीब 18 करोड़ रुपये है। लगभग 2100 मीटर लंबे इस मार्ग की चौड़ाई 18 से 24 मीटर तक रखी गई है। इसमें पाथवे, डिवाइडर, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण के कार्य शामिल हैं, जिससे शहर की कनेक्टिविटी और सुगमता में सुधार होगा।

नागझिरी हेलीपैड पर तैयार विश्राम गृह भी शहर को एक नई सुविधा के रूप में मिलेगा। यहां विशाल प्रतीक्षालय, मुख्यमंत्री के लिए सुसज्जित कक्ष, क्रू सदस्यों और वरिष्ठ अधिकारियों के लिए अलग-अलग कक्ष बनाए गए हैं। साथ ही आगंतुकों के लिए अलग प्रवेश व्यवस्था और आवश्यक सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।

अक्षय तृतीया के अवसर पर कार्तिक मेला प्रांगण में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह समारोह आयोजित होगा। इसमें 100 हिंदू विवाह और 12 निकाह सहित कुल 112 जोड़े शामिल होंगे। प्रत्येक जोड़े को शासन की ओर से 49 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी तथा विवाह प्रमाण पत्र भी स्थल पर ही दिए जाएंगे।

जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत शहर में हरियाली बढ़ाने के लिए व्यापक पौधारोपण का लक्ष्य रखा गया है। करीब 6 हेक्टेयर क्षेत्र में दो लाख पौधे लगाने की योजना है, जिसमें आधुनिक तकनीकों का उपयोग करते हुए क्षेत्र को सघन हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री सुबह 11.30 बजे उज्जैन पहुंचेंगे, जहां वे विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद दोपहर में जानापाव के लिए रवाना होंगे।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

23° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़