नई दिल्ली, 09 मई
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर सुवेंदु अधिकारी को उनके आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि ‘डबल इंजन सरकार’ के प्रभाव से राज्य अब विकास, सुरक्षा और समृद्धि के नए युग की ओर बढ़ रहा है और ‘सोनार बांग्ला’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में आगे अग्रसर है।
नितिन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संदेश साझा करते हुए सुवेंदु अधिकारी को बधाई दी और उनके नेतृत्व में पश्चिम बंगाल के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में राज्य दशकों से चली आ रही कथित अव्यवस्था, भ्रष्टाचार और कुशासन से बाहर निकलकर सुशासन और विकास की दिशा में आगे बढ़ेगा।
नवीन ने पश्चिम बंगाल के नए मंत्रिमंडल के सदस्यों को भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, क्षुदिराम टुडू और निसिथ प्रमाणिक को मंत्रिमंडल में शामिल होने पर बधाई दी।
उन्होंने कहा कि लंबे समय के बाद राज्य में सुशासन, विकास और जनविश्वास के नए अध्याय की शुरुआत हुई है। उनके अनुसार, नई सरकार जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन के संकल्प को साकार करने की दिशा में काम करेगी।










.jpg)