मुरादाबाद, 26 मार्च 2026।
मुरादाबाद शाखा के द इंस्टिट्यूट ऑफ़ चार्टर्ड अकाउंटेंटस ऑफ़ इंडिया (आईसीएआई) द्वारा गुरुवार को आयोजित बैठक में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की बदलती भूमिका और समसामयिक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक का उद्देश्य आईसीएआई के प्रोफेशनल डेवलपमेंट को बढ़ावा देना था और इसमें बैंक ऑडिट, आयकर सर्च एवं सर्वे जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर ज्ञानवर्धक सत्र आयोजित किए गए।
मुख्य अतिथि सीए नीरज अग्रवाल (अमरोहा) ने बदलते आर्थिक माहौल में चार्टर्ड अकाउंटेंट की जिम्मेदारियों और प्रोफेशनल एथिक्स पर अपने विचार साझा किए। प्रथम सत्र में सीए शुभाशीष (मुरादाबाद) ने वैश्विक परिदृश्य में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के लिए उपलब्ध अवसरों पर प्रकाश डाला।
द्वितीय सत्र में सीए अतुल अग्रवाल (नोएडा) ने बैंक ऑडिट की जटिलताओं, रिपोर्टिंग की महत्वपूर्ण बारीकियों और व्यावहारिक समस्याओं के समाधान पर जानकारी दी। तृतीय सत्र में सीए (डॉ.) हर्षित मुरलीधर काकवानी (भोपाल) ने आयकर विभाग की कार्यप्रणाली, तलाशी और जब्ती की प्रक्रिया तथा प्रोफेशनल्स की जिम्मेदारियों को सरल भाषा में समझाया, जिससे उपस्थित सदस्यों को व्यापक लाभ प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम के आयोजन में मुरादाबाद शाखा के प्रबंध समिति के सदस्य सीए सागर अग्रवाल (चेयरमैन), सीए परिमल अग्रवाल (उपाध्यक्ष), सीए वली उर रहमान (सचिव), सीए नवनीत कौर खन्नूजा (कोषाध्यक्ष), सीए निशांत देओल और सीए दिव्यांशु अग्रवाल (एग्जीक्यूटिव मेंबर) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी पदाधिकारी अतिथियों, वक्ताओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन का आश्वासन दिया।












