सीधी, 14 अप्रैल।
मध्य प्रदेश के सीधी जिले के अमिलिया क्षेत्र में अंबेडकर जयंती के मौके पर निकली रैली अचानक हिंसक टकराव में बदल गई। मामूली विवाद ने तेजी से उग्र रूप धारण कर लिया, जिसमें महिलाओं सहित कुल 6 लोग घायल हो गए, वहीं आक्रोशित भीड़ ने थाने पर पहुंचकर पुलिसकर्मियों के साथ भी मारपीट की।
बताया गया कि रैली के दौरान मार्ग में खड़ी बोलेरो गाड़ी को हटाने को लेकर विवाद की स्थिति बनी। इसी दौरान वाहन में तोड़फोड़ की गई और विरोध होने पर विवाद बढ़ता गया, जो कुछ ही समय में हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। घटना के बाद करीब 50 नकाबपोश लोग मनी शुक्ला के घर में घुस आए और पथराव करते हुए परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। इस हमले में मनी शुक्ला (22) गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि रमाकांत शुक्ला (80), अर्चना शुक्ला (40) और दिव्यांश शुक्ला (22) को भी चोटें आईं। एक महिला और एक युवक के सिर पर पत्थर लगने से गंभीर चोट लगी और खून बहने लगा।
दोपहर बाद स्थिति और अधिक बिगड़ गई, जब लगभग 200 लोगों की भीड़ ने अमिलिया थाने पर हमला कर दिया। भीड़ थाने के भीतर घुस गई और थाना प्रभारी राकेश बेस सहित पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की। इस दौरान पुलिसकर्मी रामचरित्र पांडे और सतीश तिवारी घायल हो गए। उपद्रवियों ने थाना परिसर में पथराव करते हुए कार्यालय और विवेचक कक्ष में भी तोड़फोड़ की।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। हालात को नियंत्रित करने के लिए चार थानों का पुलिस बल तैनात किया गया है। एहतियात के तौर पर अमिलिया बाजार को बंद कराया गया है और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। आवागमन करने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है और वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। पुलिस नकाबपोश हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल क्षेत्र में तनाव बना हुआ है, हालांकि पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं।









.jpg)
.jpg)

