अनूपपुर, 22 अप्रैल।
मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है तथा स्कूली बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने अहम निर्णय लिया है।
कलेक्टर हर्षल पंचोली के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा मंगलवार देर रात आदेश जारी करते हुए कक्षा प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 5वीं तक के सभी विद्यालयों में 22 से 30 अप्रैल 2026 तक अवकाश घोषित कर दिया गया है।
जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि कक्षा 6वीं से 12वीं तक की कक्षाएं पूर्व निर्धारित समय अनुसार प्रातः 7 बजे से 12 बजे तक संचालित होती रहेंगी तथा शिक्षक विद्यालयों में नामांकन, अपार आईडी, साइकिल एवं पुस्तक संबंधी जानकारी को ऑनलाइन पोर्टल पर पूर्ण करेंगे।
साथ ही यह भी निर्देश दिए गए हैं कि शासन द्वारा पहले से निर्धारित परीक्षाएं एवं अन्य आवश्यक शैक्षणिक कार्यक्रम पूर्व निर्धारित समय सारणी के अनुसार यथावत संचालित रहेंगे तथा यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
मंगलवार को जिले में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान लगभग 40 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना व्यक्त की गई है।






.jpg)



