बहराइच, 16 मई।
बहराइच जिले में रुपईडीहा पुलिस और एएनटीएफ बाराबंकी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 किलो से अधिक अफीम के साथ दो मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नेपाली नागरिक भी शामिल है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 50 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि बाबागंज कस्बे में दो तस्कर मादक पदार्थ के साथ फरार होने की तैयारी में हैं। इसके बाद संयुक्त टीम का गठन कर कार्रवाई शुरू की गई।
छापेमारी के दौरान मल्हीपुर-बाबागंज मार्ग स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से करीब 10 किलो से अधिक अफीम बरामद की गई।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नेपाल निवासी खिम बहादुर कार्की और बाबागंज निवासी पंकज वर्मा के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि अफीम की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।










