नई दिल्ली, 04 मई
पश्चिम बंगाल और असम में विधानसभा चुनावों के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी के मजबूत प्रदर्शन ने कार्यकर्ताओं में उत्साह भर दिया है। दोनों राज्यों में पार्टी की बढ़त को ऐतिहासिक माना जा रहा है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यकर्ताओं के समर्पण और मेहनत की सराहना करते हुए जनता के विश्वास के लिए आभार जताया और भरोसा दिलाया कि सरकार जन आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में इस बार का जनादेश विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि यह परिणाम जनता की शक्ति और सुशासन की सोच की जीत है। उन्होंने प्रदेशवासियों का आभार व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि सरकार समाज के हर वर्ग को समान अवसर और सम्मान सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य करेगी।
उन्होंने अपने संदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं के योगदान को भी रेखांकित किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्षों से कार्यकर्ताओं ने जमीनी स्तर पर निरंतर मेहनत की है और कठिन परिस्थितियों में भी संगठन को मजबूत बनाया है। उनके प्रयासों के कारण ही पार्टी को यह सफलता मिली है और यही कार्यकर्ता पार्टी की असली ताकत हैं।
असम के संदर्भ में उन्होंने कहा कि वहां की जनता ने एक बार फिर भाजपा और उसके सहयोगियों पर भरोसा जताया है। यह समर्थन विकास और जनहित के कार्यों के प्रति लोगों के विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने प्रदेशवासियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि सरकार आगे भी विकास के कार्यों को गति देती रहेगी।
तमिलनाडु में नए राजनीतिक दल के प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनता के समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया जाता है और राज्य के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। वहीं केरल के संदर्भ में उन्होंने भाजपा-एनडीए को समर्थन देने वाले मतदाताओं का धन्यवाद किया और राज्य के विकास के लिए काम जारी रखने की बात कही।





.jpg)

.jpg)
.jpg)



