लखनऊ, 18 अप्रैल
बैंककर्मियों ने मांगों को लेकर काला फीता बांधकर किया कार्य
लखनऊ में बैंकिंग व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर विरोध जताते हुए शनिवार को काले फीते बांधकर कार्य किया। कर्मचारियों का कहना है कि कुछ माह पूर्व राष्ट्रीय स्तर पर लंबा संघर्ष कार्यक्रम चलाया गया था और 27 जनवरी को एक दिन की देशव्यापी हड़ताल भी की गई थी, लेकिन इसके बावजूद पांच दिवसीय बैंकिंग प्रणाली लागू नहीं हो सकी है।
यूनाइटेड फोरम के जिला संयोजक ने बताया कि सरकार की ओर से बैंककर्मियों की मांगों पर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। साथ ही शीर्ष प्रबंधन के लिए पीएलआई लागू किए जाने के निर्देशों को भी एकतरफा बताते हुए इसे सुलह प्रक्रिया के विपरीत बताया गया है। इसे लेकर संगठन ने इसे टकराव की स्थिति करार दिया है।
उन्होंने आगे बताया कि सभी बैंककर्मी पूर्व की भांति निर्धारित समय के अनुसार ही कार्य करेंगे और अतिरिक्त सहयोग से दूरी बनाए रखेंगे। साथ ही सभी आधिकारिक समूहों से बाहर रहने और किसी भी प्रकार के आधिकारिक कार्यक्रमों में भाग न लेने का निर्णय लिया गया है। शाम छह बजे के बाद अधिकारी प्रबंधन के फोन भी नहीं उठाएंगे। इसके साथ ही विभिन्न स्तरों पर ज्ञापन भेजने की प्रक्रिया भी जारी रहेगी।
इसी क्रम में मीडिया प्रभारी ने बताया कि तीसरे शनिवार को बैंककर्मियों और अधिकारियों ने काला रिबन लगाकर विरोध दर्ज कराया। आगामी 2 मई को काला बैज और 16 मई को काले वस्त्र पहनकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।










.jpg)