मध्य प्रदेश
01 May, 2026

बरगी डैम हादसे की होगी जांच, बचाव कार्य में जुटे बहादुरों को मिलेगा 15 अगस्त पर सम्मान

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बरगी डैम क्रूज दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते हुए जांच के निर्देश दिए तथा बचाव कार्य में साहस दिखाने वाले नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस पर सम्मानित करने एवं भविष्य में ऐसे हादसों से बचाव के लिए पर्यटन विभाग से जांच कराने की घोषणा की।

भोपाल, 01 मई

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर के बरगी डैम में हुई दर्दनाक क्रूज दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इस हादसे की जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने बचाव कार्य में जान जोखिम में डालकर लोगों को सुरक्षित निकालने वाले साहसी नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस पर सम्मानित करने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, संस्कृति एवं पर्यटन राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, प्रमुख सचिव संजय दुबे सहित राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा मोचन बल और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी पूरी तत्परता के साथ राहत और बचाव कार्य में जुट गए। अब तक राहत दल ने लगभग उनतीस लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है, जबकि नौ शव बरगी डैम से बरामद किए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्रूज दुर्घटना अत्यंत दुखद है और मौसमी चक्रवात के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि नौकाविहार के दौरान जीवन रक्षक जैकेट अनिवार्य रूप से पहनें। उन्होंने बताया कि जिन लोगों ने जीवन रक्षक जैकेट का उपयोग किया, वे सुरक्षित रहे। भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए पर्यटन विभाग से जांच कराई जाएगी।

उल्लेखनीय है कि गुरुवार की शाम अचानक मौसम बिगड़ा और तेज आंधी-तूफान के बीच जबलपुर के बरगी डैम में पर्यटकों से भरा क्रूज खमरिया टापू के समीप संतुलन बिगड़ने से डूब गया। शुक्रवार सुबह तक नौ शव बरामद हो चुके हैं और उनतीस लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। नौ से अधिक लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी खोज में बचाव दल जुटा हुआ है।

|
आज का राशिफल

जीवनसाथी का परामर्श लाभदायक रहेगा। समय नकारात्मक परिणाम देने वाला बन रहा है। कल का परिश्रम आज लाभ देगा। कामकाज में आ रही बाधा दूर होगी। बाहरी और अंदरूनी सहयोग मिलता चला जाएगा। पर प्रपंच में ना पड़कर अपने काम पर ध्यान दीजिए। आत्मीय श्रेष्ठता बनेगी। शुभांक-2-5-6

आज का मौसम

भोपाल

24° / 27°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़