कोलकाता में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में पश्चिम बंगाल की नई सरकार का भव्य शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ, जिसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले शुभेंदु अधिकारी को बधाई दी और उनके सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं प्रकट कीं। इसके साथ ही मंच पर योगी आदित्यनाथ ने शुभेंदु अधिकारी को भगवा अंगवस्त्र भी पहनाया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस कार्यक्रम के बाद सोशल मीडिया मंच पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए शुभेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में ‘सोनार बांग्ला’ का संकल्प पूर्ण होगा तथा राज्य सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और आर्थिक उन्नति के नए दौर में प्रवेश करेगा।
योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि अधिकारी का कार्यकाल बंगाल की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को पुनर्स्थापित करने का महत्वपूर्ण अध्याय साबित होगा। उन्होंने मां काली से इस कार्यकाल के सफल और जनकल्याणकारी होने की कामना भी व्यक्त की।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने नवगठित मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों को भी शुभकामनाएं दीं और आशा जताई कि सभी नेता जनसेवा को सर्वोपरि रखते हुए ‘सोनार बांग्ला’ के गौरव को पुनः स्थापित करेंगे तथा उनका कार्यकाल लोकहित और विकास के कार्यों से परिपूर्ण रहेगा।
उल्लेखनीय है कि चुनाव प्रचार के दौरान शुभेंदु अधिकारी ने एक जनसभा में योगी आदित्यनाथ का भगवा अंगवस्त्र से स्वागत किया था और उनके प्रति सम्मान स्वरूप उनके चरणों में प्रणाम भी किया था।












.jpg)