लखनऊ, 30 अप्रैल ।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख नरेन्द्र ठाकुर ने गुरुवार को कहा कि हिंदू समाज में जाति, भाषा और प्रांत के आधार पर किसी भी प्रकार का भेदभाव समाप्त होना चाहिए। उन्होंने बताया कि संघ व्यक्ति निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के कार्य में सक्रिय है और इसके लिए 32 से अधिक संगठन विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में कार्य कर रहे हैं। भारत को विश्व का सर्वोत्तम राष्ट्र बनाना संघ का प्रमुख उद्देश्य है।
नरेन्द्र ठाकुर ने नारद जयंती के अवसर पर शहर के होटल फॉर्च्यून में आयोजित मीडिया संवाद में कहा कि संघ की 100 वर्षों की यात्रा सामान्य नहीं रही है और कार्यकर्ताओं ने अनेक उतार-चढ़ाव का सामना किया है। उन्होंने कहा कि संघ विश्व में भारत माता की जय-जयकार के लिए कार्य करता है और राष्ट्र को सर्वोच्च स्थान पर पहुंचाना उसका उद्देश्य है। उन्होंने प्रथम सरसंघचालक डॉ. हेडगेवार को स्मरण करते हुए कहा कि संघ व्यक्ति-आधारित नहीं बल्कि तत्व-आधारित संगठन है, इसी कारण परम पवित्र भगवा ध्वज को गुरु माना गया है।
उन्होंने बताया कि संघ की 85,000 से अधिक दैनिक शाखाएं और 32,000 से अधिक साप्ताहिक मिलन सक्रिय रूप से संचालित हो रहे हैं। वनवासी क्षेत्रों से लेकर शहरी क्षेत्रों तक स्वयंसेवक अनेक सामाजिक कार्यों में लगे हुए हैं।
भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए नरेन्द्र ठाकुर ने कहा कि पंच परिवर्तन के माध्यम से समाज में कार्य किया जा रहा है। सामाजिक समरसता के जरिए हिंदू समाज में हर प्रकार का भेदभाव समाप्त करने का प्रयास है। शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित हिंदू सम्मेलनों में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता देखने को मिली है। कुटुम्ब प्रबोधन के माध्यम से पारिवारिक व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है, क्योंकि मजबूत परिवार ही सशक्त समाज की नींव है। पर्यावरण संरक्षण को भी समाज का महत्वपूर्ण दायित्व बताया गया। साथ ही स्व के आधार पर जीवन शैली अपनाने, भाषा और वेशभूषा में स्व का प्रभाव बढ़ाने तथा नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता आवश्यक बताई गई।
यूजीसी दिशा-निर्देशों से जुड़े प्रश्न पर उन्होंने कहा कि मामला उच्चतम न्यायालय में विचाराधीन है, इसलिए इस पर संघ कोई राय नहीं देता। उन्होंने कहा कि समाज में सद्भाव बनाए रखना आवश्यक है और आपसी विवादों से बचना चाहिए।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड संयुक्त क्षेत्र प्रचार प्रमुख कृपाशंकर, पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र प्रचार प्रमुख सुभाष, सह क्षेत्र प्रचार प्रमुख एवं राष्ट्रधर्म निदेशक मनोजकांत, प्रांत प्रचारक कौशल, प्रांत संघचालक सरदार स्वर्ण सिंह, प्रांत सह प्रचार प्रमुख डॉ. शचीन्द्र, डॉ. लोकनाथ, विश्व संवाद केन्द्र प्रमुख डॉ. उमेश, न्यास उपाध्यक्ष अशोक सिन्हा सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और पत्रकार उपस्थित रहे।





.jpg)





