औरैया, 20 मई ।
उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में तेज गर्मी के बीच बिजली व्यवस्था पूरी तरह से प्रभावित हो गई है। केशमपुर विद्युत उपकेंद्र से फफूंद कस्बे और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को होने वाली बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित हो रही है, जिससे लोगों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
असेनी-केशमपुर 33 केवी लाइन पर अतिरिक्त लोड के कारण लगातार फाल्ट और ट्रिपिंग की स्थिति बनी हुई है। बीते 24 घंटे में इस लाइन के तार दो बार टूटने से फफूंद कस्बे सहित लगभग डेढ़ सौ से अधिक गांवों में बिजली आपूर्ति पांच से सात घंटे तक बाधित रही।
बिजली गुल होने से भीषण गर्मी में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। घरों में पंखे और कूलर बंद हो गए, जबकि लो-वोल्टेज के कारण पानी की मोटरें भी नहीं चल सकीं, जिससे लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ा और उन्हें पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा।
इस स्थिति को लेकर क्षेत्रीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि चपटा लाइन को अलग फीडर से जोड़ा जाए, जिससे ओवरलोड की समस्या कम हो सके और बिजली व्यवस्था में सुधार हो।
वहीं बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार अत्यधिक गर्मी के कारण मांग बढ़ने से लाइन पर लोड अधिक हो गया, जिससे फाल्ट की स्थिति बनी। खराबी को ठीक कर आपूर्ति बहाल कर दी गई है और लो-वोल्टेज की समस्या को दूर करने के प्रयास जारी हैं।






.jpg)







