भोपाल, 16 मई।
राजधानी भोपाल में अपराध और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत निशातपुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से अवैध हथियार के साथ चोरी की दो दोपहिया गाड़ियां बरामद की गई हैं।
पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गैस राहत कॉलोनी स्थित शिव मंदिर पानी की टंकी के पास एक युवक संदिग्ध हालत में वाहन के साथ घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जहान खान (21) निवासी शिवनगर कॉलोनी, करोंद के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध स्टील की छुरी बरामद की गई, जिसके बाद आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसके कब्जे में मिली एक्टिवा करोंद मंडी क्षेत्र से चोरी की गई थी। उसकी निशानदेही पर आराधना नगर इलाके से चोरी की गई एक हीरो स्प्लेंडर बाइक भी बरामद की गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ राजधानी के विभिन्न थानों में वाहन चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट से जुड़े छह मामले पहले से दर्ज हैं। बरामद वाहनों की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये आंकी गई है।










