भोपाल, 27 अप्रैल
भोपाल के मिसरोद क्षेत्र में क्रिप्टो करेंसी निवेश के नाम पर बड़े पैमाने पर ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें यूपीएससी की तैयारी कर रहे एक छात्र से 53 लाख रुपये से अधिक की राशि हड़प ली गई। जालसाजों ने 10 प्रतिशत मुनाफे का झांसा देकर उसे ऑनलाइन निवेश के जाल में फंसा लिया।
पुलिस के अनुसार, भगवान परिसर निवासी प्रखर दुबे उम्र 25 वर्ष, जो मूल रूप से नरसिंहपुर जिले के हीरापुर भठेरा गांव के रहने वाले हैं, भोपाल में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रहे हैं। 28 अक्टूबर 2025 को उन्हें एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से क्रिप्टो निवेश का प्रस्ताव मिला, जिसके बाद उन्होंने बताए गए माध्यम से डीमैट खाता खुलवाकर निवेश की शुरुआत की।
शुरुआत में आरोपियों ने वेबसाइट पर दिखाए गए कथित मुनाफे के जरिए उनका विश्वास जीत लिया। लगातार संदेशों और फोन कॉल के माध्यम से उन्हें अधिक निवेश के लिए प्रेरित किया जाता रहा। विश्वास में आकर प्रखर ने 21 नवंबर 2025 तक आरटीजीएस और अन्य ऑनलाइन माध्यमों से कुल 53 लाख 10 हजार रुपये निवेश कर दिए।
कुछ समय बाद अचानक संबंधित वेबसाइट बंद हो गई और आरोपियों से संपर्क पूरी तरह टूट गया। पैसे वापस न मिलने पर उन्हें ठगी का संदेह हुआ। इसके बाद पीड़ित ने ई-एफआईआर दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब बैंक खातों और डिजिटल लेन-देन की गहन जांच कर रही है तथा इस पूरे मामले से जुड़े साइबर गिरोह की तलाश में जुट गई है।













