प्रशासनिक खबरें
16 May, 2026

बिजली उपभोक्ता साइबर ठगों से रहें सावधान: ऊर्जा मंत्री तोमर

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे केवल अधिकृत माध्यमों से ही बिजली बिल का भुगतान करें और साइबर ठगों के फर्जी संदेश व कॉल से सतर्क रहें।

भोपाल, 16 मई।

प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे साइबर ठगों से सतर्क रहें और केवल अधिकृत माध्यमों से ही बिजली बिल का भुगतान करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिल भुगतान हमेशा कंपनी के अधिकृत पोर्टल, पेमेंट गेटवे या निर्धारित केंद्रों पर ही किया जाना चाहिए।

मंत्री ने बताया कि उपभोक्ता अपने बिजली बिलों का भुगतान कंपनी के जोन, वितरण केंद्र कार्यालय, पीओएस मशीन तथा एमपी ऑनलाइन और कॉमन सर्विस सेंटर जैसे अधिकृत माध्यमों से कर सकते हैं। साथ ही नेट बैंकिंग, क्रेडिट-डेबिट कार्ड, यूपीआई, बीबीपीएस, वॉलेट और विभिन्न डिजिटल ऐप्स के जरिए भी भुगतान की सुविधा उपलब्ध है।

उन्होंने यह भी कहा कि किसी निजी मोबाइल नंबर से कॉल कर या एसएमएस-व्हाट्सएप के माध्यम से बिल भुगतान के लिए कभी भी संदेश नहीं भेजे जाते हैं। कंपनी की ओर से केवल अधिकृत सेंडर आईडी से ही संदेश जारी किए जाते हैं, इसलिए उपभोक्ताओं को किसी भी संदिग्ध संदेश या कॉल से सावधान रहना चाहिए।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि उपभोक्ता किसी भी अनजान लिंक, मोबाइल नंबर या कॉल पर भरोसा कर भुगतान न करें और न ही अपना पिन या गोपनीय जानकारी साझा करें। उन्होंने बताया कि साइबर जालसाज कई बार बिजली कटने का डर दिखाकर फर्जी संदेश भेजते हैं और लोगों को ठगने की कोशिश करते हैं, जो पूरी तरह गलत और धोखाधड़ी है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसी किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में उपभोक्ता तत्काल भारत सरकार की हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

|

भोपाल के रिसोर्ट के स्वीमिंग पूल में युवक की संदिग्ध मौत, जांच शुरू

भोपाल, 16 मई। राजधानी भोपाल के कजलीखेड़ा स्थित एक रिसोर्ट के स्वीमिंग पूल में डूबने से 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक युवक विधायक भगवानदास सबनानी के बंगले पर काम करता था। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बरखेड़ी निवासी कुनाल महावत अपने दोस्तों के साथ पार्टी के लिए केके रिसोर्ट पहुंचा था। देर रात सभी साथी रिसोर्ट परिसर में मौजूद थे। इसी दौरान कुनाल अचानक वहां से चला गया। दोस्तों को शुरुआत में लगा कि वह किसी काम से बाहर गया होगा, इसलिए किसी ने अधिक ध्यान नहीं दिया। कुछ समय बीतने के बाद जब कुनाल वापस नहीं लौटा और मोबाइल फोन पर भी संपर्क नहीं हो पाया तो दोस्तों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान स्वीमिंग पूल में उसका शव पानी में तैरता मिला। इसके बाद साथियों ने उसे तुरंत बाहर निकालकर नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे दूसरे अस्पताल रेफर किया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के दोस्तों के मुताबिक, कुनाल को ठीक तरह से तैरना नहीं आता था। प्रारंभिक आशंका है कि वह गहरे पानी में पहुंच गया, जिससे हादसा हो गया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

29° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़