राजधानी भोपाल के कजलीखेड़ा स्थित एक रिसोर्ट के स्वीमिंग पूल में डूबने से 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक युवक विधायक भगवानदास सबनानी के बंगले पर काम करता था। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बरखेड़ी निवासी कुनाल महावत अपने दोस्तों के साथ पार्टी के लिए केके रिसोर्ट पहुंचा था। देर रात सभी साथी रिसोर्ट परिसर में मौजूद थे। इसी दौरान कुनाल अचानक वहां से चला गया। दोस्तों को शुरुआत में लगा कि वह किसी काम से बाहर गया होगा, इसलिए किसी ने अधिक ध्यान नहीं दिया।
कुछ समय बीतने के बाद जब कुनाल वापस नहीं लौटा और मोबाइल फोन पर भी संपर्क नहीं हो पाया तो दोस्तों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान स्वीमिंग पूल में उसका शव पानी में तैरता मिला। इसके बाद साथियों ने उसे तुरंत बाहर निकालकर नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे दूसरे अस्पताल रेफर किया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के दोस्तों के मुताबिक, कुनाल को ठीक तरह से तैरना नहीं आता था। प्रारंभिक आशंका है कि वह गहरे पानी में पहुंच गया, जिससे हादसा हो गया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।










