भोपाल, 16 मई।
राजधानी भोपाल में शनिवार को महिला कांग्रेस ने पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरीं और स्कूटी को धक्का लगाते हुए न्यू मार्केट स्थित नानके पेट्रोल पंप तक मार्च किया। इस अनोखे 'धक्का मार्च' के माध्यम से उन्होंने ईंधन की बढ़ती कीमतों के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई।
मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और पेट्रोल पंप पर प्रतीकात्मक रूप से ईंधन भरवाकर कीमतों में तुरंत कमी की मांग की। महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतें सिर्फ किसी एक वर्ग पर नहीं बल्कि पूरे देश की आम जनता पर असर डाल रही हैं। उनका कहना था कि ईंधन महंगा होने से घर का बजट प्रभावित होता है और रसोई का राशन, हरी सब्जियां और अन्य आवश्यक वस्तुएं महंगी हो जाती हैं। उन्होंने सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि महंगाई कम करने के लिए कोई ठोस रणनीति दिखाई नहीं देती, इसलिए महिलाओं को सड़कों पर आवाज उठानी पड़ रही है।
इस दौरान महिला कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता रोशनी यादव ने भी केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पेट्रोल 100 रुपए के पार पहुंच गया है और डीजल की कीमतों में लगातार इजाफा मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए मुश्किलें बढ़ा रहा है। उनका कहना था कि महंगे ईंधन के कारण मालभाड़ा बढ़ जाता है, जिससे रोजमर्रा की वस्तुएं महंगी हो जाती हैं। रोशनी यादव ने आरोप लगाया कि सरकार सिर्फ चुनाव के समय ही जनता की हितैषी बनती है और चुनाव खत्म होते ही कीमतें बढ़ा देती है।
हालांकि प्रदर्शन खत्म होने के बाद कई प्रमुख महिला कार्यकर्ता अपनी-अपनी चार पहिया गाड़ियों में बैठकर वहां से रवाना हो गईं, जो विरोध प्रदर्शन का एक दिलचस्प दृश्य था।




.jpg)




