अंकारा, 15 अप्रैल
तुर्किये के कहरामनमाराश प्रांत में एक विद्यालय परिसर में हुई गोलीबारी की दर्दनाक घटना में चार लोगों की जान चली गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हो गए। मृतकों में तीन छात्र और एक शिक्षक शामिल बताए जा रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार यह घटना आयसर कैलिक मिडिल स्कूल में घटी। जानकारी दी गई कि आठवीं कक्षा का एक छात्र अपने बैग में हथियार लेकर स्कूल पहुंचा और दो कक्षाओं में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 20 लोग घायल हो गए। घायलों में चार की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है।
घटना के बाद हमलावर छात्र की भी मौत हो गई। शुरुआती सूचनाओं के मुताबिक उसने खुद को गोली मार ली, हालांकि इस तथ्य की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के पिता पूर्व पुलिसकर्मी रहे हैं और आशंका जताई जा रही है कि छात्र ने हथियार वहीं से प्राप्त किए। बताया जा रहा है कि वह अपने साथ कई हथियार और मैगजीन लेकर स्कूल में दाखिल हुआ था।
घटना के बाद न्याय विभाग की ओर से जांच के आदेश जारी किए गए हैं। अभियोजन पक्ष ने कई अधिकारियों की टीम बनाकर मामले की गहन पड़ताल शुरू कर दी है। साथ ही निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए मीडिया प्रसारण पर अस्थायी रोक भी लगाई गई है।
उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले सिवेरेक जिले में भी एक पूर्व छात्र द्वारा अपने पुराने स्कूल में गोलीबारी की घटना सामने आई थी, जिसमें 16 लोग घायल हुए थे। लगातार दो दिनों में हुई इन घटनाओं ने तुर्किये की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं।









.jpg)
.jpg)

.jpg)
