पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ को जान से मारने तथा बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई हैं। यह धमकी एक ई-मेल के माध्यम से दी गई, जिसके सामने आने के बाद राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
धमकी भरे ई-मेल में पंजाब के मुख्यमंत्री कार्यालय और भाजपा कार्यालयों को निशाना बनाकर बम धमाके करने की बात कही गई है। ई-मेल में मुख्यमंत्री भगवंत मान और सुनील जाखड़ को “सिखों का दुश्मन” बताते हुए गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
ई-मेल में यह भी दावा किया गया है कि मुख्यमंत्री कार्यालय में दोपहर एक बजकर ग्यारह मिनट पर धमाका किया जाएगा, जबकि दिल्ली और पंजाब स्थित भाजपा कार्यालयों को रात नौ बजकर ग्यारह मिनट पर निशाना बनाने की धमकी दी गई है। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह जैसे हमले का उल्लेख भी किया गया है।
इसके अलावा ई-मेल में यह भी लिखा गया है कि सुनील जाखड़ को छह जून तक निशाना बनाया जाएगा। साथ ही उनके परिवार का भी जिक्र करते हुए उनके पिता और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष बलराम जाखड़ का उल्लेख किया गया है।
धमकी मिलने के बाद पुलिस, खुफिया एजेंसियों और सुरक्षा बलों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय सहित सभी संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया है। भाजपा कार्यालयों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां ई-मेल भेजने वाले व्यक्ति या समूह की पहचान में जुटी हुई हैं और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।




.jpg)





.jpg)


.jpg)