भोपाल, 13 मई।
भोपाल में औद्योगिक क्षेत्रों के समग्र विकास तथा उद्यमियों की आर्थिक प्रगति को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि उद्योगों के संचालन में आने वाली सभी बाधाओं और समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
कलेक्टर मिश्रा मंगलवार को गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के सभागार में आयोजित जिला स्तरीय लघु उद्योग संवर्धन बोर्ड, एमएसएमई प्रोत्साहन योजना, जिला स्तरीय सहायता समिति तथा जिला निर्यात समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
बैठक के दौरान उन्होंने उद्यमियों से संवाद करते हुए कौशल विकास को नई दिशा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने सुझाव दिया कि उद्योग अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल उन्नयन पाठ्यक्रम तैयार करें, जिससे कार्यबल अधिक दक्ष बन सके। प्रशासन की ओर से इन पाठ्यक्रमों के आधार पर आईटीआई संस्थानों के साथ फ्लेक्सी एमओयू के माध्यम से प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने उद्योगपतियों से अपनी कार्ययोजना साझा करने तथा वर्तमान औद्योगिक व्यवस्था और आधुनिक तकनीक के बीच मौजूद तकनीकी अंतर को चिन्हित करने का आग्रह किया, ताकि इस दिशा में प्रभावी और परिणाममुखी कार्य किए जा सकें।
बैठक में एमएसएमई प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत प्राप्त 23 आवेदनों की समीक्षा की गई, जिनमें से 20 पात्र मामलों को स्वीकृति प्रदान की गई। योजना के अंतर्गत उद्यमियों को पूंजीगत निवेश पर 40 प्रतिशत तक अनुदान दिए जाने का प्रावधान है।
कलेक्टर ने नगर निगम को निर्देश दिए कि गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही एमपीआईडीसी अधिकारियों को औद्योगिक क्षेत्रों में निर्यात सेल की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि स्थानीय उत्पाद वैश्विक बाजार तक पहुंच सकें।
बैठक में गोविंदपुरा, बगरोदा एवं आचारपुरा औद्योगिक संघों तथा लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधियों के साथ क्षेत्रीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान अवैध अतिक्रमण, सुरक्षा व्यवस्था, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से अनापत्ति प्रमाण पत्र, परिवहन सुविधा तथा फायर स्टेशन स्थापना जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
कलेक्टर मिश्रा ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए। बैठक में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सत्येंद्र कुमार, अग्रणी जिला प्रबंधक आलोक चक्रवर्ती सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





.jpg)






