अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद ने दूरस्थ और शैक्षणिक रूप से पिछड़े क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए ‘समर्थन: इंटर्नशिप कनेक्ट योजना 2026-27’ की शुरुआत की है। इस योजना के तहत इस वर्ष कुल 611 विद्यार्थियों को देश के प्रमुख उच्च शिक्षण संस्थानों में 30 दिनों की ऑन-कैंपस इंटर्नशिप का अवसर प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत परिषद के अध्यक्ष प्रो. योगेश सिंह ने की, जिसमें सदस्य सचिव प्रो. श्यामा रथ भी उपस्थित रहे। योजना का उद्देश्य जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह तथा पूर्वोत्तर राज्यों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक और व्यावसायिक अनुभव उपलब्ध कराना है।
इस पहल के अंतर्गत विद्यार्थियों को आईआईटी, आईआईएम, आईआईआईटी, आईआईएसईआर, एनआईटीटीटीआर, एनआईडी, एनआईएफटी और आईएचएम जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विशेषज्ञ व्याख्यान, प्रयोगशाला प्रशिक्षण, शोध गतिविधियों तथा नवाचार और इनक्यूबेशन केंद्रों का अनुभव दिया जाएगा। साथ ही उन्हें शिक्षकों, शोधकर्ताओं और पूर्व छात्रों से संवाद का अवसर भी मिलेगा, जिससे उनका शैक्षणिक और व्यावहारिक ज्ञान बढ़ेगा।
अधिकारियों के अनुसार यह योजना विद्यार्थियों को समान अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे उन्हें शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने में सहायता मिलेगी।
इस योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और अंतिम तिथि 25 मई निर्धारित की गई है। चयनित विद्यार्थियों के लिए आवास और भोजन की व्यवस्था संबंधित संस्थान करेंगे, जबकि यात्रा व्यय की प्रतिपूर्ति भी की जाएगी।











.jpg)
