दिल्ली-एनसीआर
12 May, 2026

नीट-यूजी अनियमितताओं पर विद्यार्थी परिषद चिंतित, निष्पक्ष जांच की मांग

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने नीट-यूजी परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक को लेकर चिंता जताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

नई दिल्ली, 12 मई।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) से जुड़ी कथित अनियमितताओं, प्रश्नपत्र लीक और परीक्षा की गोपनीयता एवं विश्वसनीयता पर उठ रहे सवालों को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है। संगठन ने कहा कि विभिन्न रिपोर्टों तथा जांच एजेंसियों से सामने आई जानकारी ने देशभर के लाखों विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता को लेकर गंभीर आशंका पैदा कर दी है।

परिषद ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से कराई जाए तथा दोषियों, परीक्षा माफियाओं और किसी भी स्तर पर सहयोग करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही जांच पूरी होने तक राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी को पारदर्शिता बनाए रखते हुए विद्यार्थियों और अभिभावकों के सामने तथ्य स्पष्ट करने की बात कही गई है।

संगठन का कहना है कि प्रवेश परीक्षाओं की शुचिता और विश्वसनीयता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। यदि परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र या उससे जुड़ी जानकारी कुछ लोगों तक पहुंची है, तो यह न केवल परीक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न है, बल्कि पूरे देश के मेहनती विद्यार्थियों के भविष्य के साथ भी गंभीर अन्याय है।

राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि देशभर के विद्यार्थी वर्षों की कठिन मेहनत के बाद नीट जैसी परीक्षाओं में शामिल होते हैं और ऐसे में किसी भी प्रकार की अनियमितता उनके मनोबल और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में तकनीकी सुरक्षा, प्रश्नपत्र गोपनीयता, परीक्षा केंद्रों की निगरानी और जवाबदेही व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। साथ ही संगठन ने आश्वासन दिया कि वह विद्यार्थियों के हित, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और न्याय की दिशा में अपनी आवाज लगातार उठाता रहेगा।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़