थाना फूलबेहड़ क्षेत्र के अंतर्गत सुंदरवल पुलिस चौकी के दाउदपुर चौराहे पर चोरों के बढ़ते दुस्साहस ने एक बार फिर इलाके में सनसनी फैला दी है। 24 घंटे के भीतर दूसरी बड़ी चोरी की घटना को अंजाम देकर चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार दाउदपुर निवासी हसन खान के पुत्र यूनुस खान की परचून दुकान के गोदाम को सोमवार रात निशाना बनाया गया। चोरों ने गोदाम का ताला तोड़कर अंदर रखा लाखों रुपये का सामान चुरा लिया और वारदात को अंजाम देने के दौरान वहां लगे सीसीटीवी कैमरों से भी छेड़छाड़ की, हालांकि कुछ फुटेज रिकॉर्ड हो गई।
बताया गया कि चोरों ने चोरी का सामान घटनास्थल से लगभग 50 मीटर दूरी पर खड़े एक बड़े वाहन में लादकर आसानी से फरार हो गए। यह पूरा इलाका लखीमपुर-भीरा राष्ट्रीय मार्ग पर स्थित होने के बावजूद लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से दहशत का माहौल है।
गौरतलब है कि इससे महज 24 घंटे पहले भी इसी क्षेत्र में एक अन्य परचून दुकान में चोरी हुई थी, जिसका खुलासा अब तक नहीं हो सका है। लगातार घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है और वे पुलिस गश्त को कमजोर बता रहे हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। व्यापारियों ने रात में नियमित गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, वहीं पुलिस का कहना है कि सूचना मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।








.jpg)


