जौनपुर जिले में साइबर क्राइम सेल ने खोए हुए तथा चोरी गए 125 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए हैं। इन मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देश्यीय हाल में मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने मोबाइल धारकों को उनके फोन लौटाए। साइबर सेल ने सीईआईआर पोर्टल की मदद से इन गुम हुए मोबाइलों का पता लगाकर उन्हें बरामद किया। जिले में अब तक कुल 1640 मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को लौटाए जा चुके हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 28 लाख रुपये है।
बरामद मोबाइल जौनपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों के साथ-साथ आजमगढ़, वाराणसी, सुल्तानपुर, प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, बलिया, प्रतापगढ़ और भदोही जैसे जनपदों से भी प्राप्त हुए हैं। इसके अलावा दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार और राजस्थान जैसे राज्यों से भी कई मोबाइल बरामद किए गए हैं।
इस अवसर पर एसपी सिटी ने लोगों से अपील की कि मोबाइल फोन खोने की स्थिति में तुरंत संबंधित थाना या सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर तत्काल सूचना दें।








.jpg)


